भास्कर न्यूज | बठिंडा जिले में चोरी की अलग-अलग घटनाओं को लेकर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में बीज फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में गेहूं चोरी हुआ, जबकि दूसरे मामले में चार माह पहले चोरी हुई मोटरसाइकिलों के संबंध में अब केस दर्ज किया गया है। मौड़ थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कल्लो (जिला मानसा) निवासी अरतिंदर सिंह ने बताया कि रात के समय कुछ अज्ञात लोग उसकी बीज फैक्ट्री में घुस गए और वहां रखे करीब 125 गट्टे गेहूं चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके का जायजा लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, तलवंडी साबो थाना पुलिस ने चार माह पहले हुई दो अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में भी मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कर्मजीत सिंह निवासी गांव कोटफत्ता ने बताया कि 14 अक्तूबर 2025 को उसकी मोटरसाइकिल गुरु काशी यूनिवर्सिटी परिसर से चोरी हो गई थी। इसी तरह सुखविंदर सिंह निवासी गांव झीरी (जिला सिरसा) ने 12 अक्तूबर 2025 को वहीं से अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दी थी।


