बीटीआई क्षेत्रीय स्पर्धा शुरू, 27 खेलों में प्रतिभागी खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के बीटीआई मैदान में गुरुवार से तीन दिवसीय अंतर डाइट व बीटीआई क्षेत्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान बिलासपुर के अंतर्गत आने वाले 8 जिलों के छात्र-अध्यापक और उनके कोच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम की मेयर मंजूषा भगत ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए डाइट संस्थान को एक वाटर कूलर देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, शिक्षा विभाग के जेडी संजय गुप्ता और डीईओ डॉ. दिनेश झा उपस्थित रहे। प्राचार्य केसी गुप्ता ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में कुल 27 विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें खेलकूद, साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम देखने को मिलेगा। प्रतिभागियों ने वॉलीबॉल (पुरुष), बैडमिंटन (एकल व युगल), 100 व 200 मीटर दौड़, गोला-तवा फेंक और लंबी कूद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिलाओं के लिए विशेष रूप से 80 मीटर रस्सी दौड़ का आयोजन किया गया। वहीं, वाद-विवाद और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता, एकल नृत्य, समूह नृत्य, नृत्य नाटिका, फैंसी ड्रेस और एकल अभिनय (मोनो प्ले) और शिक्षकों के लिए नवाचार, बेस्ट प्रैक्टिसेस पर पत्रक वाचन और गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शानदार मार्च पास्ट से हुई, जिसका नेतृत्व खैरबार विद्यालय के व्यायाम निदेशक शौभिक दास गुप्ता ने किया। संचालन पूनम सिंह व डॉ. पुष्पा सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डाइट व्याख्याता ओंकार नाथ तिवारी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में अंबिकापुर सहित बिलासपुर, धरमजयगढ़, जांजगीर, जशपुर, कोरबा, कोरिया और पेंड्रा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। अगले दो दिनों तक बीटीआई मैदान में खेल और कला का रोमांच जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *