भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणिगुरद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा चौथे पातशाह गुरु राम दास जी की धर्मपत्नी बीबी भानी जी का जन्मदिवस गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में मनाया गया। इस अवसर पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। भोग के उपरांत सचखंड श्री के हजूरी रागी भाई जतिंदरपाल सिंह के जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया गया तथा अरदास भाई बलजीत सिंह ने की। संगत को पावन हुकमनामा कथावाचक भाई हरमित्र सिंह ने सुनाया। भाई हरमित्र सिंह ने कथा-विचार करते हुए संगत को बीबी भानी जी के जीवन इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बीबी भानी जी का संपूर्ण जीवन गुरु साहिब की शिक्षाओं को समर्पित रहा। उन्होंने सिख महिलाओं से अपील की कि वे बीबी भानी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने बच्चों को गुरसिखी से जोड़ने के लिए प्रयासरत रहें। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब के मैनेजर सरदार भगवंत सिंह धंगेरा, सरदार जसपाल सिंह ढड्डे, अतिरिक्त मैनेजर सरदार बिक्रमजीत सिंह झंगी, सरदार युवराज सिंह सहित आदि संगत उपस्थित रही।


