राजसमंद में एक बुजुर्ग को 2 भालू खेत में घसीटकर ले गए। जब तक ग्रामीण शोर सुनकर बुजुर्ग के पास पहुंचे, भालुओं ने उन्हें नोच-नोचकर मार डाला। घटना राजसमंद के थोरिया गांव को शनिवार (12 अप्रैल) सुबह चार बजे की है। राजस्थान के 5 से ज्यादा जिलों में लगातार भालुओं की संख्या बढ़ रही है। वन विभाग के अनुसार राजस्थान में फिलहाल 300 से ज्यादा भालू हैं। केलवाड़ा पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर रोशनलाल के अनुसार भालू के हमले में सवालाल बलाई (76) की मौत हुई है। वे सुबह वॉशरूम जाने के लिए घर के बाहर निकले थे। शोर सुनकर भी भालू हमला करते रहे
बुजुर्ग के चीखने और मवेशियों के रंभाने की आवाज पर परिजन और आस-पड़ोस के लोग जाग गए। इस पर दोनों भालू बुजुर्ग को घसीटते हुए खेतों की तरफ ले गए। इस पर सवालाल के परिजन और ग्रामीण खेतों की तरफ गए। वहां दोनों भालू सवालाल को नोच रहे थे, लेकिन शोर सुनकर भी वे पीछे नहीं हटे। ग्रामीणों ने डंडे मारे और टॉर्च आंखों में मारी तो जंगल में भाग गए। ग्रामीण गंभीर रूप से घायल सवालाल बलाई को घर लेकर आए। भालुओं ने उन्हें बुरी तरह से नोच दिया था। इस कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने शव को केलवाड़ा हेल्थ केंद्र के मॉर्च्युरी में रखवाया। डॉक्टर एन पी सिंह ने बताया- सवालाल को भालुओं ने बुरी तरह नोच दिया था। जिससे उनकी मौत हो गई। राजस्थान के इस जिलों में पाए जाते हैं भालू
राजस्थान के पाली, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सरिस्का, ब्यावर, रणथंभौर, काली देवी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में भालू पाए जाते हैं। सबसे ज्यादा भालू सिरोही में हैं। इसके बाद जालोर के सुंधा माता क्षेत्र में भालू हैं। ….. राजस्थान में भालू अटैक से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
फल-शहद खाने वाले भालू क्यों ले रहे इंसानों की जान?:एक्सपट्र्स बोले- ज्यादा दूर नहीं देख पाते, नजदीक जाते ही चौंक कर करते हैं अटैक राजस्थान के सिरोही, पाली और जालोर जिले में भालू के इंसानों पर बढ़ते हमलों ने चिंता बढ़ा दी है। पांच दिन पूर्व पाली जिले के फुलाद क्षेत्र में जंगल में एक भालू ने लकड़ी काटने गई 35 साल की महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। भालू ने महिला के मुंह और सिर की चमड़ी को उधेड़ दिया। इस हमले के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। लोग सहमे हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर …


