बुजुर्ग को मारकर ऊपर चढ़ाया ट्रैक्टर मुख्य आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | मुंगेली लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांधा में बीते महीने हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और बिलासपुर के एकता नगर में छिपकर रह रहा था। इस मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पुलिस बाकी फरार लोगों की तलाश में जुटी है। घटना 9 जनवरी 2026 की सुबह की है, जब ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने एक राय होकर प्रार्थी सुखदेव कश्यप के पिता रामकुमार कश्यप (62 वर्ष) पर हमला कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने लाठी, डंडे और तब्बल से रामकुमार को अधमरा कर दिया। हत्या सुनिश्चित करने के लिए आरोपियों ने रामकुमार की लाश के ऊपर ट्रैक्टर का पिछला पहिया चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपियों ने गांव में ही प्रार्थी के चचेरे भाई लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सायबर सेल और लालपुर पुलिस की टीम लगातार फरार आरोपियों का पीछा कर रही थी। रविवार (22 फरवरी) को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिलासपुर के एकता नगर में दबिश दी और अन्नु कुमार चन्द्राकर (23 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं (103(1), 109(1), 191) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में इससे पहले रामफल कश्यप, धनराज, राजू, डोमन निषाद, नंदकुमार और सुरेश चंद्राकर को 11 जनवरी को ही जेल भेजा जा चुका है। एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *