बुजुर्ग महिला को राम नाम का 51 बार जाप कराया, गहने व पर्स ले भागे ठग

60 साल की एक बुजुर्ग महिला को राम नाम का जप करा ठग उनसे गहने व पर्स ले भागे। इस संबंध में महिला ने अरगोड़ा थाना में 15 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला के साथ ठगी की घटना कडरू ब्रिज के पास 15 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे तब हुई, जब वह दूध लेकर घर लौट रही थी। दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बताया है कि दो युवकों ने खुद को राम भक्त बताकर पहले उन्हें झांसे में लिया। फिर गले की चेन, कान की बाली और पर्स लेकर फरार हो गए। पीड़िता उर्मिला देवी ओवरब्रिज पंजाबी भवन के पास अर्जुन पैलेस के सामने रहती हैं। उर्मिला देवी ने बताया कि दूध लेकर लौटते समय वह कडरू स्थित सबेरा होटल के पास हनुमान मंदिर तक पहुंची थीं, तभी उनके पास दोनों युवक आए। बोले- आप राम जी की भक्त हैं। आपके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी अब नहीं रही। फिर दोनों ने उन्हें कहा कि आप 10 दिन में महारानी बनेंगी। इसके बाद दोनों ने गले की चेन, कान की बाली और पर्स मांगा। उर्मिला देवी ने सब दे दिया। फिर युवकों ने कहा- आंख बंद कर राम नाम का 51 बार जाप करो। उन्होंने आंख बंद कर जाप शुरू किया। जब आंख खोली तो देखा कि दोनों युवक गायब थे। दोनों को उन्होंने काफी खोजा, लेकिन नहीं मिले। बुजुर्ग महिला के अनुसार, एक युवक ने उजले कपड़े पहने थे। दूसरा काली टी-शर्ट में था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *