मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुरा उचेहरा गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने पड़ोसी से जान का खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की मांग की है। वृद्धा का आरोप है कि पड़ोसी उन्हें डरा-धमका रहा और उनका रास्ता-पानी भी बंद कर दिया है। विरोध करने पर कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा पीड़ित सरोज यादव ने बताया कि उनके घर के पास लगे आम के पेड़ की डाल उनका पड़ोसी चंद्रशेखर पटेल जबरन काट रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी कुल्हाड़ी लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा। वृद्धा ने भागकर घर में घुसकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि इस घटना के बाद से आरोपी ने उन्हें सार्वजनिक स्रोत से पानी भरने से रोक दिया है और उनके आने-जाने का रास्ता भी बंद कर दिया है। पुलिस चौकी पर सुनवाई न होने का आरोप वृद्धा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने पहले खटखरी पुलिस चौकी में गुहार लगाई थी, लेकिन वहां उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। पुलिस ने आधी-अधूरी रिपोर्ट लिखकर मामले को टाल दिया, जिससे आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए। सुरक्षा न मिलने से परेशान होकर वृद्धा बुधवार शाम एसपी कार्यालय पहुंचीं और लिखित आवेदन सौंपा। एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार सरोज यादव का कहना है कि वह घर में अकेली रहती हैं और उन्हें अपनी जान-माल का डर सता रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। एसपी कार्यालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।


