लुधियाना| बुड्ढे दरिया को प्रदूषण से मुक्त कराने के अभियान के तहत प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जमालपुर थाना पुलिस ने डेयरियों से निकलने वाला गंदा पानी और पशुओं का अपशिष्ट सीधे दरिया में छोड़ने के मामले में दो डेयरी संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई जल संसाधन विभाग के कार्यकारी इंजीनियर की शिकायत पर की गई। शिकायत में बताया गया कि ताजपुर रोड और भामिया कलां इलाके में चल रही दो डेयरियों से निकलने वाला गोबर और दूषित वेस्ट बिना किसी ट्रीटमेंट के बुड्ढे दरिया में डाला जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, यह गतिविधि एनजीटी के निर्देशों के साथ-साथ सरकारी आदेशों का भी उल्लंघन है। मौके पर की गई जांच में पाया गया कि डेयरियों ने न तो वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लगाया था और न ही नालियों को बंद किया गया था, जिससे प्रदूषित पानी सीधे दरिया तक पहुंच रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सतपाल सिंह, मिक्की राम डेयरी, ताजपुर और विकास आहूजा (मिक्की) पुत्र प्रीतम सिंह वासी भामिया कलां के खिलाफ केस दर्ज किया है।


