बुरहानपुर के अंबाडा क्षेत्र में किसान अब आधुनिक ड्रोन तकनीक का उपयोग कर फसलों में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे हैं, जो न केवल समय की बचत कर रहा है बल्कि किसानों के स्वास्थ्य की भी रक्षा कर रहा है। सारोला गांव के किसान मनोज प्रल्हाद महाजन ने बताया कि ड्रोन से एक एकड़ में कीटनाशक का छिड़काव मात्र 15 मिनट में हो जाता है। पहले जहां किसानों को तेज धूप में पीठ पर पंप लेकर घंटों मेहनत करनी पड़ती थी, वहीं अब ड्रोन से एकसमान और प्रभावी छिड़काव होता है। इस सेवा के लिए किसानों को प्रति एकड़ मात्र 400 रुपए का भुगतान करना होता है। कृषि विभाग के उप संचालक मनोहर सिंह देवके ने बताया कि ड्रोन तकनीक से न केवल कीटनाशक छिड़काव बल्कि फसल निगरानी, फसल तनाव की पहचान और पौधों की वृद्धि की निगरानी भी की जा रही है। साथ ही यह तकनीक स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर बन गई है। फोन पर लेते है बुकिंग क्षेत्र के एकमात्र ड्रोन संचालक लखन पवार ने बताया कि वह सुबह 6 से शाम 6 बजे तक सेवाएं प्रदान करते हैं। वे फोन कॉल पर बुकिंग लेते हैं और अपनी गाड़ी में ड्रोन लेकर खेतों तक पहुंचते हैं। वे अन्य युवाओं को भी ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे भविष्य में और अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।


