बुरहानपुर में सुक्ता नदी किनारे शिवाबाबा मेला कल से:चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, सुरक्षा के लिए 20 से अधिक सीसीटीवी

बुरहानपुर के गंभीरपुरा स्थित सुक्ता नदी किनारे 10 दिवसीय शिवाबाबा और माता जगदंबा मेला शुक्रवार से शुरू होगा। इस बार मेले की निगरानी 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, जिनकी संख्या अगले दो-तीन दिनों में और बढ़ाई जाएगी। नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने गुरुवार को मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने झूलों के संचालन में सावधानी बरतने और झाबुआ की घटना को देखते हुए कम संख्या में लोगों को बैठाने के निर्देश दिए। मेले में बड़ी संख्या में झूले लगाए गए हैं। मेले में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों से करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। भक्त यहां मन्नतें उतारने और शिवा बाबा व माता जगदंबा को मिठाई का भोग लगाने आते हैं। गुरुवार को भी पांच हजार से अधिक भक्त यहां पहुंचे। मेले में करीब 300 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं। नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। मेला समिति अध्यक्ष रूपसिंह पंवार ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों और मध्य प्रदेश के खंडवा, बड़वानी, खरगोन, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर जैसे जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में 4 जिलों से पुलिस बल तैनात किया गया है, जो 24 घंटे ड्यूटी पर रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते रखे गए हैं। यह मेला करीब छह एकड़ क्षेत्र में लगाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *