अंबिकापुर | सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई रोकने के लिए कब्जाधारी बुलडोजर के सामने और चक्कों के नीचे लेट गए। इसके बाद ग्रामीणों ने वन कर्मियों के साथ बदसलूकी भी की। वन विभाग ने अवैध कब्जाधारियों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किया था, लेकिन जब टीम बुलडोजर लेकर पहुंची, तो महिलाओं और पुरुषों ने मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों का दावा है कि वे पिछले 40 से 50 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और पशुपालन से अपनी आजीविका चला रहे हैं। उन्होंने स्वयं को पुराने निवासी बताते हुए उजाड़ने का विरोध किया। बढ़ते तनाव व अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित की।


