ग्वालियर के गोला का मंदिर चौराहे पर एक बुलेट सवार युवक को पुलिस से अभद्रता करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसकी बाइक जब्त कर 6800 रुपए का चालान काट दिया। गोला का मंदिर ट्रैफिक पुलिस ने पिछले 2 दिनों में 15 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर कार्रवाई की है। इनसे 35 हजार से अधिक का जुर्माना वसूला है। यातायात थाना गोला का मंदिर के प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों को सड़कों पर चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसी बाइक पकड़ी जाती है, तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना अपराध की श्रेणी में आता है। कागज मांगे तो अभद्रता शुरू कर दी
गोला का मंदिर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। भिंड रोड की ओर से आ रही बुलेट (MP30-MQ2926) को रोका गया। जब चालक से वाहन के कागजात मांगे गए, तो उसने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। पुलिस द्वारा साइलेंसर की जांच के लिए गाड़ी बंद करने पर युवक ने चाबी निकाल ली और किसी को फोन करने लगा। यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने युवक की अभद्रता को देखते हुए बुलेट को जब्त कर ट्रैफिक थाने भिजवा दिया। थाने पहुंचने पर पुलिस ने युवक को 6800 रुपए के चालान की रसीद थमाई और जुर्माना जमा करने को कहा।


