राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार सुबह बूंदी में भी देखा गया। यहां आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह 9 बजे के बाद हुई हल्की बारिश से लोगों को हल्की ठंड महसूस हुई। मंगलवार को भी बूंदी में हल्के बादल थे, लेकिन तेज धूप के कारण गर्मी बनी हुई थी। आज बूंदी का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाएं 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बूंदी के लिए बुधवार को बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
किसानों पर इस मौसम परिवर्तन का मिश्रित प्रभाव पड़ने की आशंका है। किसान धनपाल मीणा के अनुसार, हल्की बारिश गेहूं, धान और चने की फसलों के लिए फायदेमंद होगी। हालांकि, यदि तेज बारिश के साथ हवाएं चलती हैं, तो सरसों, गेहूं और चने की फसलें जमीन पर गिर सकती हैं, जिससे पैदावार कम हो जाएगी। ओलावृष्टि की आशंका से किसान चिंतित हैं।


