बूंदी जिले में शुक्रवार शाम पांच बजे बाद अचानक मौसम बदल गया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मध्यम गति से हल्की हवाओं के साथ बारिश होने लगी। बूंदाबांदी से बरसात का दौर शुरू हुआ और थोड़ी देर में ही तेज बारिश होने लगी। लगातार आधे घंटे हुई बारिश के बाद सड़कों में पानी बहने लगा। नैनवां, लाखेरी क्षेत्र में दिन भर बादल छाए रहे। इसके चलते दिनभर सूरज बादलों की ओट में रहा। इसी बीच शाम को हल्की हवा चलने के साथ बूंदाबांदी होने लगी। थोड़ी देर में ही तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। जो आधे घंटे तक चला। इस दौरान कस्बे की बिजली गुल हो गई। बरसात से एक ओर ठंड बढ़ गई तो वहीं फसलों के लिए बरसात वरदान बनकर आई है। इन दिनों किसान रबी की फसल में सिंचाई के लिए मशक्कत कर रहे हैं। ऐसे में बरसात से किसानों को राहत मिलेगी।


