बूंदी में पुलिसकर्मियों ने जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा और एसपी राजेंद्र मीणा को कंधों पर उठाकर डांस किया। एडिशनल एसपी उमा शर्मा ने साफा पहनकर ‘मेटाडोर’ गाने पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ डांस किया। जिले में होली का त्योहार पुलिस महकमे में भी धूमधाम से मनाया गया। पुलिसकर्मी और अधिकारी रंगों के इस उत्सव में पूरी तरह रंगे नजर आए। पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में सभी ने होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशियां बांटी। पुलिस लाइन में हुआ समारोह
पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर अक्षय गोदारा, एसपी राजेंद्र प्रसाद मीणा और एएसपी उमा शर्मा ने भी रंग-गुलाल खेलकर होली का जश्न मनाया।
इस दौरान कलेक्टर और एसपी को जवानों ने अपने कंधों पर उठा लिया। ‘कालो लहंगो—कालो कब्जो’ गाने पर जवानों ने अधिकारियों को कंधों पर बैठाकर ठुमके लगाए। इसके अलावा एसपी, कलेक्टर और अन्य थानाधिकारियों ने ‘अवध में होली खेले नंदलाल’ गाने पर भी जमकर डांस किया। एएसपी उमा शर्मा ने ‘पीली लुगड़ी का झाला सू रूकाई रे मेटाडोर’ गाने पर भी उत्साहपूर्वक नृत्य किया। गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी
सभी अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। पुलिस लाइन में होली खेलने के बाद, थाना अधिकारियों ने अपने-अपने थानों में भी जवानों के साथ होली मनाई। नैनवा और लाखेरी में भी होली का जश्न धूमधाम से मनाया गया, जहां नैनवा के डीएसपी राजूलाल मीणा ने भी जवानों के साथ नृत्य किया।


