बूंदी के शिव कॉलोनी क्षेत्र में रविवार अलसुबह एक राइस मील में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। आसपास के रहवासी घबराकर घरों से बाहर निकल आए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नगर परिषद के फायरमैन इमरान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। तेजी से फैल रही आग को समन्वित प्रयासों से नियंत्रित कर लिया गया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े 4 बजे मील में मक्का, चावल और गेहूं की ग्रेडिंग का कार्य चल रहा था। आधुनिक मशीनों के बीच अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। आग पहले विद्युत पैनल के पास भड़की और फिर पास रखे मक्का के बोरे तथा मशीनों के हिस्सों को अपनी चपेट में लेती चली गई। राइस मील के भीतर लगी ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग मशीनें आग की लपटों में घिर गईं। 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और तत्काल 3 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य इकाइयों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया।
इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मशीनों, विद्युत उपकरणों और मक्का के स्टॉक को भारी क्षति पहुंची है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।


