बूंदी के नैनवां में सकल सेन समाज विकास समिति ने प्रदर्शन किया। बीकानेर जिले में एक नाबालिग की रेप-हत्या मामले में यह प्रदर्शन किया गया। समाज के लोगों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग भी की गई। ज्ञापन में बताया गया कि 21 फरवरी को बीकानेर जिले में बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली एक नाबालिग लापता हो गई थी, जिसका शव बाद में मिला। आरोप है कि रेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से मानव समाज और विशेषकर सेन समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग
मामले को लेकर सेन समाज ने 4 सूत्री मांगें रखी हैं। इनमें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, डेयरी बूथ आवंटित करने और मुख्यमंत्री सहायता कोष से 1 करोड़ रुपए का मुआवजा तत्काल प्रदान करने की मांग शामिल है।
सेन समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान सेन समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


