बूंदी जिले में बिजली चोरी रोकने और बकाया राजस्व वसूलने के लिए शनिवार को एक सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्युत निगम ने 1432 अवैध बिजली कनेक्शन हटाए और 41.50 लाख रुपए का राजस्व वसूल किया। यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता सी.पी. गुप्ता के निर्देश पर की गई। अभियान के तहत बूंदी शहर के मीरा गेट और दलेलपुरा क्षेत्रों सहित जिले के सभी 10 उपखंडों के लगभग 85 गांवों में जांच की गई। इनमें तालेड़ा उपखंड के पराणा, राजपुरा, गुड्डा, नोताड़ा भोपत, मोहीपुरा, गुमानपुरा, अलकोदिया और बरूंधन जैसे गांव शामिल थे। दबलाना उपखंड के राजपुरा, रेण और मेंडी, वहीं हिंडोली उपखंड के त्रिशुलिया, अमरत्या, हिंडोली, गणेशगंज, सिंघाड़ी, अलोद, चेता, पगारा, रोशंदा, खेरखटा और खिनिया में भी निगम की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। मौके पर जमा कराए 6.32 लाख
कार्रवाई के दौरान कुल 1432 कटे हुए कनेक्शनों के परिसरों से अवैध रूप से डाले गए बिजली के आंकड़े हटाए गए। इनमें से 72 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 6 लाख 32 हजार रुपए की बकाया राशि जमा करवाई। बूंदी वृत्त में 16 कटे हुए कनेक्शनों पर सतर्कता जांच प्रतिवेदन (VCR) भी तैयार किए गए, जिन पर कुल 2 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नियमित कनेक्शन वाले 2263 उपभोक्ताओं से कुल 41 लाख 50 हजार रुपए का राजस्व संग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त, 135 चालू कनेक्शनों पर 13 लाख 50 हजार रुपए की बकाया राशि लंबित होने के कारण उनके कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए।


