बूंदी में 22 हजार 576 मतदाता बढ़े:वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन, जिले में अब कुल 8 लाख 54 हजार 779 मतदाता

बूंदी जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शनिवार को किया गया। इस अंतिम सूची में कुल 8 लाख 54 हजार 779 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पहले की तुलना में 22 हजार 576 मतदाता बढ़े हैं। इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग ने 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके तहत 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें बूंदी जिले में कुल 8 लाख 32 हजार 203 मतदाता थे। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस अवधि में जिले में फॉर्म-6/6A के 22,871 आवेदन, फॉर्म-7 के 1,935 आवेदन और फॉर्म-8 के 5,140 आवेदन प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा इन आवेदन पत्रों की सूचियां तैयार की गईं और प्रत्येक कार्य दिवस पर कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की गईं। उन्होंने प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ साझा कीं। यह जानकारी भी दी गई कि ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया गया। इसके परिणामस्वरूप, प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज कुल 8 लाख 32 हजार 203 मतदाताओं की संख्या में 2.71 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 8 लाख 54 हजार 779 मतदाता हैं, जिनमें 4 लाख 43 हजार 495 पुरुष, 4 लाख 11 हजार 281 महिला और 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) और एक हार्ड कॉपी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर आयोजित बैठक में निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *