बूंदी में 40 साल के होमगार्ड जवान की हार्टअटैक से मौत हो गई। वह इंदरगढ़ में बीजासन माता के मंदिर में चल रहे मेले में ड्यूटी पर थे। इस दौरान उनके सीने में दर्द हुआ। उन्हें हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इंदरगढ़ थाना अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया- लाखेरी के गणेशपुरा निवासी होमगार्ड भगवान वर्मा पुत्र रामदेव 1 अप्रैल से बीजासन माता मंदिर मेले की ड्यूटी में तैनात थे। वे शनिवार रात 12 बजे ड्यूटी पर गए थे।रविवार सुबह करीब 5 बजे उनके सीने में दर्द उठा। बेहोशी की हालत में साथी जवान ने उन्हें लाखेरी सीएचसी लेकर गए। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजन को सुपुर्द कर दिया। पता चला है कि भगवान वर्मा की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही थी। रिपोर्ट से पता चलेगा वास्तविक कारण
लाखेरी सीएचसी के डॉक्टर रोहिताश्व ने बताया- होमगार्ड जवान के सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। बाद में उसने दम तोड़ दिया। प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक का मामला लग रहा है। वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। घटना की सूचना मिलने पर होमगार्ड के डिप्टी कमांडेट राम सिंह मीणा लाखेरी पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा- जवान के परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और आश्रित को अनुकंपा नौकरी की सिफारिश करेंगे। भगवान वर्मा के 3 बच्चे हैं। होमगार्ड घर में कमाने वाला अकेला था। दो भाइयों की पहले मौत हो चुकी है। इनमें एक होमगार्ड जवान ही था। भगवान वर्मा साल 2008 में होमगार्ड में भर्ती हुआ था। दो दिन पहले कॉन्स्टेबल की हुई थी हार्टअटैक से मौत
बूंदी में गुरुवार रात 35 साल के कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। कॉन्स्टेबल की कंट्रोल रूम में ड्यूटी थी। ड्यूटी के दौरान उनके सीने में दर्द हुआ। इस पर वह खुद ही डॉक्टर को दिखाने अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर ने उनकी ईसीजी करने के साथ ही अन्य जांचें की और इलाज शुरू किया। देर रात इलाज के दौरान कॉन्स्टेबल ने दम तोड़ दिया। (पूरी खबर पढ़ें) क्यों आता है कम उम्र में हार्ट अटैक, क्या दिखते हैं लक्षण… कंटेट : ओमपाल सिंह


