बेगूं क्षेत्र में शनिवार शाम हाईवे 27 पर एक रोडवेज बस और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। यह हादसा गांव काटूंदा के पास हुआ, जिसमें बस में सवार लगभग 20 यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें काटूंदा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। रोडवेज ड्राइवर की लापरवाही से हुआ एक्सीडेंट पुलिस के अनुसार, चित्तौड़गढ़ से कोटा जा रही एक्सप्रेस बस काटूंदा चौराहे पर सवारियां उतारने के बाद वापस रवाना हुई थी। बस ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए बस को गलत साइड से हाईवे पर चढ़ा दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पास के होटल और पेट्रोल पंप से लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से काटूंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना मिलने पर पारसोली थानाधिकारी ठाकराराम अपने जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि काटूंदा चौराहे के पास हाईवे पर एक अंडरब्रिज बना हुआ है, लेकिन बस ड्राइवर ने लापरवाही से बस को रॉन्ग साइड पर चलाया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे में ये हुए घायल घायलों में कोटा निवासी कालूराम जाट, वरुण, नरेंद्र सिंह, पूजा, प्रियांशु मीणा, रायपुर भीलवाड़ा निवासी जीवनराम, बिजौलिया निवासी नितिन धाकड़, अरणव धाकड़, सारणपुर निवासी सुरेश चौहान, चित्तौड़गढ़ निवासी नरेंद्र सिंह, अजय सिंह, सागर निवासी राजू सिंह, इकलेरा निवासी गोविंद बागरिया, झालावाड़ निवासी महेश कुमार, जानकी और सोनू जशोदा आदि शामिल हैं।


