कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार बाजार पारा गांव में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर घर में घुस गया। हादसे के समय आंगन में बर्तन धो रही गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी (25) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। बलौदा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर (सीजी 10 बीपी 5301) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने भोलाराम सूर्यवंशी के घर में घुस गया। ट्रेलर घर की दीवार तोड़ते हुए आंगन तक पहुंच गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि खाना खाने के बाद वे अपने कमरे में आराम कर रहे थे, तभी अचानक गाड़ी के घुसने की आवाज आई। आंगन में खेल रहे बच्चे भी चिल्लाते हुए वहां से भागे, जिससे उनकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, मृतका शशि सूर्यवंशी गर्भवती थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। शशि के पति गजपाल सूर्यवंशी ड्राइवर का काम करते हैं। मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम गांव के पूर्व सरपंच विजय कुमार मरावी ने कहा कि इस सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही बहुत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और टूटे घर की भरपाई के लिए पैसा नहीं दिया जाएगा, तब तक चक्का जाम जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और तहसीलदार अभिजीत राजभानु सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। वे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।


