भीलवाड़ा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पांच गंभीर घायल हो गए। परिवार चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहा था, इसी बीच नेशनल हाईवे 148 पर उनकी वैन बेकाबू हो गई और पुलिया से 20 फीट नीचे जा गिरी। भीषण हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को एम्बुलेंस से विजयनगर के हॉस्पिटल भिजवाया गया, जहां से गंभीर हालत में घायलों को अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर किया गया। फिलहाल सभी घायलों को अजमेर में इलाज जारी है। शादी के बाद ढोक लगाने मंदिर गए थे
जानकारी के अनुसार- टोंक लांबाहरिसिंह निवासी नोरत जांगिड़ (50) पुत्र बद्री खाती अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सांवरिया सेठ मंदिर गए थे। परिवार में 19 फरवरी को बड़े बेटे कमल जांगिड़ की शादी हुई थी, ऐसे में जोड़े की ढोक लगाने सांवरिया सेठ मंदिर गए थे। शनिवार रात 8 बजे 11 लोग मारुति वैन से रवाना हुए और रविवार सुबह करीब 5 बजे दर्शन किए। दर्शन के बाद लौटते समय दोपहर करीब 12 बजे नेशनल हाईवे 148 पर अजमेर बॉर्डर पर विजय गौशाला (गुलाबपुरा थानाक्षेत्र) के पास उनकी वैन अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से विजयनगर अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर घायलों को अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां नोरत जांगिड़(50) और उनके छोटे बेटे कालू जांगिड़ (30) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में गौरव (11) पुत्र श्रवण जांगिड़, कोमल (30) पत्नी रमेश जांगिड़, इंदिरा देवी पत्नी शंकरलाल जांगिड़ (मालपुरा) और यशश्री(6) शामिल हैं। सभी का इलाज अजमेर में जारी है। कहासुनी के बाद उतर गया था बड़े बेटे का परिवार
परिजनों के अनुसार- हादसे से पहले रास्ते में नोरत के छोटे बेटे कालू और बड़े बेटे कमल के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस पर कमल जांगिड़ अपनी पत्नी पूजा और दो सालों सुशील व राहुल (निवासी मित्रपुरा, जेतपुरा, जिला सवाईमाधोपुर) के साथ भीलवाड़ा से पहले ही उतर गए। चारों टेंपो से भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर किशनगढ़ रवाना हो गए। इस कारण उनकी जान बच गई। परिवार के अनुसार- मारुति वैन कालू जांगिड़ चला रहा था। मृतक के दोनों बेटे बेंगलुरु में कारपेंटर का काम करते थे। मृतक नोरत की पत्नी ग्यारसी देवी आंखों की परेशानी के कारण यात्रा पर नहीं गई थीं, घटना की जानकारी मिलते ही बेसुध हो गई। मृतकों का सोमवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।


