डीग जिले के कामां इलाके में बेटी की शादी से 9 दिन पहले मां की दर्दनाक मौत हो गई। खेत से चारा लाते समय मां 11केवी लाइन की चपेट में आ गई और करंट के कारण तड़प-तड़कर मौके पर ही दम तोड़ दिया। जांच के लिए परिजन महिला को हॉस्पिटल भी लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही शादी की तैयारियों के बीच घर में मातम छा गया। चारा लेकर जाते समय लगा करंट
महिला के पति समय सिंह ने बताया- आज वह अपनी पत्नी संजो के साथ खेत पर काम करने के लिए गया था। वह खेत पर काम कर रहा था। संजो कपड़े की पोटली में चारा भरकर घर आ रही थी। खेत में ही 11KV का तार टूटा हुआ पड़ा था। संजो को तार दिखाई नहीं दिया। उसका पैर तार को छू गया। करंट लगते ही संजो जमीन पर गिर गई। समय सिंह तुरंत संजो के पास पहुंचा। समय सिंह के चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। इसके बाद उसे तुरंत कामां हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को बिना पोस्टमॉर्टम करवाए घर ले गए। 19 फरवरी को होनी है बेटी की शादी
समय सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को उनकी बेटी पूजा की शादी होनी है। 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के बरसाना इलाके के डिबारा गांव में लगन लेकर जाना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। कुछ रिश्तेदार घर पर भी आ गए थे। लेकिन अब घटना के बाद घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई है।


