डूंगरपुर में मां ने अपने 2 साल की बच्ची को कुएं में फेंककर मर्डर कर दिया। महिला ने उसके बाद खुद भी पेड़ पर फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामला चौरासी थाना क्षेत्र के हड़मतिया गांव का है। चौरासी थाने के थानाधिकारी ने बताया कि भावना (30) पत्नी दिनेश अहारी की 2 लड़कियां और एक लड़का है। भावना का पति दिनेश गुजरात में नौकरी करता है। घर पर भावना अपने सास-ससुर और 3 बच्चों के साथ रहती थी। बुधवार को भावना ने अपनी 2 साल की एक बच्ची को घर से कुछ दूरी पर कुएं में फेंककर उसकी हत्या कर दी। कुएं में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। उसके बाद महिला ने घर के पास पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के पति और पीहर पक्ष को दी है। पति और पीहर पक्ष के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।