मगनपुर| बेटुलकलां गांव में मंगलवार को बच्चा चोरी की आशंका को लेकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने एक दंपती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पकड़ा गया दंपती चित्तरपुर क्षेत्र का निवासी है। जो कई वर्षों से झुग्गी-झोपड़ी बनाकर जीवनयापन कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा संदेह जताए जाने पर दोनों को थाना लाया गया था। पुलिस की पूछताछ और सत्यापन के बाद बच्चा चोरी से जुड़ा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलने पर दोनों को छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन पुलिस सतर्कता के साथ निगरानी बनाए हुए है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में बच्चों के अपहरण और लापता होने की घटनाओं की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। माता-पिता अब अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी परहेज कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि संदिग्ध की जांच की जाए तथा बिना पहचान के झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों का सत्यापन किया जाए। कुछ समय पूर्व रांची निवासी अंशिका और अंश नामक दो बच्चों का अपहरण का मामला सामने आया था। जिन्हें चित्तरपुर गांव से बरामद किया गया था। यह मामला पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ था और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को लेकर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई थी। घटना के बाद दहशत का माहौल और गहरा गया है। पुलिस अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


