बेटे का नाम लेकर पता पूछा,23 लाख की नकदी-गहने लूटे:घर में अकेली महिला को 3 बदमाशों ने बंधक बनाया; बंदूक दिखाकर धमकाया

नीमकाथाना में 3 बदमाश एक घर से 15 मिनट में 12 लाख रुपए नकदी और 11 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने लूट ले गए। बदमाशों ने बेटे का नाम लेकर घर का पता पूछा। मां ने हां कहा तो अंदर घुसे और उसे बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने मां की कनपटी पर बंदूक लगाकर धमकाया और घर का पूरा सामान खंगाला। बदमाश अलमारी में रखे 12 लाख रुपए नकदी और ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। घटना श्रीमाधोपुर के नाथूसर गांव की है। 12 लाख कैश और 11 लाख के गहने ले गए
SHO जय सिंह बसेरा ने बताया- शनिवार सुबह 11 बजे शहर से 11 किलोमीटर दूर नाथूसर गांव में एक मकान में लूट की सूचना मिली थी। अजीतगढ़ डीएसपी उमेश गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बदमाशों ने घर में रखे 12 लाख रुपए नकदी और 11 लाख के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। मौके से सबूत जुटाने के साथ आसपास के इलाके में सीटीवीवी फुटेज खंगाले गए। बदमाशों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी भी कराई गई। घर पर अकेली थी महिला, 2 बच्चे गए थे स्कूल
संपती देवी (44) पत्नी स्व. रामजीलाल भार्गव ने बताया- उनके 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बड़े बेटे का नाम नागर, उसके बाद बेटी अनीता, बेटा करण और छोटी बेटी है। नागर 4 दिन पहले ही जयपुर गया था। अनीता की शादी हो चुकी है। शनिवार सुबह छोटा बेटा करण और बेटी स्कूल गए हुए थे। मैं घर पर अकेली ही थी। सुबह करीब 9:45 बजे एक बाइक पर 3 नकाबपोश बदमाश आए। उन लोगों ने मेरे से पूछा कि यह घर नागर का है क्या। मैंने जैसे ही हां कहा तो बदमाश घर के अंदर घुस गए और मकान का गेट अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद मेरा मुंह और हाथ बांध दिए। बदमाशों ने मेरी कनपटी पर बंदूक लगा दी और घर का पूरा सामान खंगाला। बेटी देकर गई थी 8 लाख, 4 लाख बेटे की शादी के लिए रखे थे
संपती देवी ने बताया- दामाद और बेटी अनीता को जयपुर में प्लॉट खरीदना था। दोनों 10 दिसंबर को घर आए और 8 लाख रुपए के साथ गहने मेरे पास रखकर गए थे। बाकी 4 लाख रुपए बड़े बेटे नागर की शादी के लिए रखे थे। उसकी कुछ ही दिन पहले सगाई हुई थी और फरवरी महीने में शादी थी। बदमाश सभी रुपए लेकर फरार हो गए। सोने-चांदी की ज्वेलरी भी ले गए
पीड़ित महिला ने बताया- बदमाश रुपयों के साथ बेटी अनीता के सोने के 2 हार, सोने का 1 कड़ा, सोने की 2 अंगूठी, दामाद सज्जन कुमार की सोने की 1 चेन, 1 नथ, 1 मांग टीका, 1 पाजेब की जोड़ी, मेरा सोने का 1 हार, 1 नाक का कांटा, 1 जोड़ी पाजेब, दो अंगूठी सहित अन्य गहने लेकर फरार हो गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *