थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोठली (लेफुआटोली) में एक युवक ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीरकुंवर (30 वर्ष) पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। 21 फरवरी की शाम करीब 7:45 से 8:00 बजे के बीच जब आरोपी घर पहुंचा और उसे उसकी पत्नी नहीं मिली, तो वह आक्रोशित हो उठा। आरोपी को शक था कि उसके पिता हवल चेरवा ने ही बहू को कहीं छिपा दिया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई और गुस्से में पागल होकर बीरकुंवर ने अपने पिता पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में हवल चेरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।


