बेटे ने लट्ठ मारकर की पिता की हत्या:केशोरायपाटन में पारिवारिक विवाद के दौरान वारदात, आरोपी डिटेन

बूंदी के केशोरायपाटन क्षेत्र में एक पुत्र ने अपने 65 वर्षीय पिता की लट्ठ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना छोड़ेदा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान हुई। मृतक की पहचान रामरतन के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र का नाम लेखराज है। केशोरायपाटन पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी ने बताया कि मंगलवार देर रात रामरतन और उनके पुत्र लेखराज के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर लेखराज ने लट्ठ से पिता रामरतन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामरतन को तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही केशोरायपाटन थाना प्रभारी दिनेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और मोबाइल ऑपरेशंस ब्यूरो (एमओबी) की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल किया गया लट्ठ जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण सिर में लगी गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया है। पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पारिवारिक विवाद का मामला प्रतीत होता है। मृतक रामरतन के चार पुत्र हैं, जिनमें लेखराज भी शामिल है। आरोपी लेखराज नशे का आदी बताया जा रहा है और आशंका है कि घटना के समय वह नशे की हालत में था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *