बेड़ागुड़ा में घर-घर पहुंचकर बच्चों को पिलाई दवा

भास्कर न्यूज | तोकापाल बस्तर जिले में रविवार को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ शुरू हुआ। अभियान के पहले ही दिन बेड़ागुड़ा पंचायत में जनभागीदारी देखने को मिली, जहां आशा वर्कर, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। पल्स पोलियो अभियान का पंचायत स्तरीय शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। ब्लॉक मुख्यालय से लेकर गांवों और पारा-मोहल्लों तक अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और अपने बच्चों को नजदीकी बूथों तक पहुंचाया। आशा कार्यकर्ता आशा बाई ने बताया कि अभियान के पहले दिन बूथ आधारित टीकाकरण किया गया, जबकि आगामी दो दिनों में घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। ब्लॉक टीकाकरण अधिकारी ने जानकारी दी कि दूरस्थ क्षेत्रों, बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को कवर किया जा सके। अभियान को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता साफ नजर आई और लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों को पूरा सहयोग दिया। बेड़ागुड़ा सहित पूरे ब्लॉक में पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन से पोलियो मुक्त बस्तर के संकल्प को नई मजबूती मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *