बेनीवाल बोले-वसुंधरा ने हेमाराम को इतना डराया था, रो पड़े:RLP ने साथ दिया तब मरी हुई कांग्रेस का खाता खुला, दूर होते ही निकली फूंक

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने विधानसभा में स्पीकर वासुदेव देवनानी के रोने पर कहा- विधानसभा में रोने की घटना अच्छी नहीं हुई है। जब वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री थीं, तब बाड़मेर के हेमाराम चौधरी विधानसभा में रोए थे। हेमाराम को वसुंधरा ने इतना डरा दिया था कि वह रो पड़े थे। यह हमारी जाति का अपमान हुआ था। विधानसभा में जिस तरह कांग्रेस का आसन के प्रति व्यवहार था, वह ठीक नहीं था। बेनीवाल ने कहा- पार्टी के मझे हुए नेता इस तरह की गलत हरकत करते हैं तो एक गलत मैसेज जाता है। पहले तो काम कर दिया और फिर माफी मांगी ली। माफी एक बार नहीं, दो बार मांगी है, तो करना नहीं चाहिए। अगर कर दिया तो माफी नहीं मांगनी चाहिए। मैंने तो आज तक माफी नहीं मांगी। कितनी बार संघर्ष किया और लोकसभा में भी सस्पेंड हुआ, लेकिन माफी नहीं मांगी। या तो करो मत, अगर करो तो फिर पीछे मत हटो। कांग्रेस ने राजस्थान की जनता और पैसे को बर्बाद किया है। बेनीवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- RLP ने कांग्रेस को वोट दिए, तब जाकर कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में खाता खुला। RLP सुप्रीमो बेनीवाल ने गुरुवार शाम को सीकर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की। कांग्रेस की 3 महीने में ही फूंक निकल गई
इंडिया अलायंस पर बेनीवाल ने कहा- दिल्ली में मैं अभी भी अलायंस के अंदर हूं। कांग्रेस कोई भी मुद्दा लेकर आती है तो हम उसके साथ खड़े हैं, लेकिन हमारे मुद्दे को कांग्रेस देख नहीं रही है, यह अलग बात है। अभी स्टेट के अंदर कांग्रेस ने खुद ने ही अलायंस तोड़ा था, लेकिन मेरा कोई मूड नहीं था। बेनीवाल ने कहा- अगर मैं दिल्ली में इंडिया अलायंस में हूं तो कांग्रेस की वजह से नहीं हूं। अगर कांग्रेस पार्टी ने मुझे वोट दिए तो कांग्रेस का भी जीरो से 11 का आंकड़ा आ गया। सीकर में सांसद अमराराम को आरएलपी ने 1 लाख वोट डाले हैं। बेनीवाल ने कहा- अगर कांग्रेस ने मुझे नागौर में वोट दिए हैं तो 25 सीटों पर RLP के किसान, मजदूर और युवाओं ने कांग्रेस को वोट दिए हैं। तब जाकर मरी हुई कांग्रेस का खाता राजस्थान में खुला है। कांग्रेस ने जैसे ही हमें दूर किया है, वैसे ही चार जगह जमानत जब्त हुई और 7 में 6 सीट हार गई। कांग्रेस पार्टी की 3 महीने में ही फूंक निकल गई। दोनों पार्टियां मिली हुईं, एक भी नेता जेल नहीं जा रहा
हनुमान बेनीवाल ने कहा- राजस्थान का जवान कांग्रेस-बीजेपी से ऊब चुका है। भाजपा का शासन भी देख लिया और पिछला गहलोत का शासन भी देख लिया। दोनों शासन में कोई फर्क नहीं है। एक भी नेता जेल नहीं जा रहा है जबकि जाने चाहिए। क्योंकि राजस्थान में पेपर लीक जैसी बड़ी घटना सामने आई हैं, लेकिन कोई नेता जेल नहीं गया। राजस्थान में मिला-जुला खेल चल रहा है। इस मिले-जुले खेल को खत्म करने के लिए आरएलपी संघर्ष कर रही है। कांग्रेस का राजस्थान में भी फ्यूचर नहीं है क्योंकि सभी स्टेट में कांग्रेस घर बैठ गई। बिहार में पांचवें नंबर और यूपी में छठे नंबर पर। भाजपा ने राजस्थान में समाजों को लड़ाया
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- भाजपा ने राजस्थान में गुर्जर-मीणा समाज को लड़ाया। जाट-राजपूत को आपस में लड़ाया। बेनीवाल ने भाजपा पर कांग्रेस से हाथ मिलाने का आरोप लगाते हुए कहा- कांग्रेस नेता सिर्फ हो-हल्ला करके अपना टाइम पास कर रहे हैं। 25 दिन अब असेंबली नहीं चलेगी और नेता 10 दिन बाहर चले गए। जनता विधायकों को चुनकर इसलिए भेजती है कि वह उनके अधिकारों की आवाज विधानसभा में उठाएं, न कि विधानसभा में खुद की फोटो खिंचवाने, खुद का नाम छपवाने के लिए और हुड़दंग करने के लिए। उन्होंने कहा- हुड़दंग तो कोई भी कर सकता है। बेनीवाल ने मंत्री किरोड़ीलाल मीणा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा- किरोड़ीलाल मीणा तो मुझे छोड़कर वसुंधरा राजे के पास चले गए थे और मंत्री भी बन गए, लेकिन मैं तो नहीं गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *