बेन स्टोक्स को चेहरे पर गेंद लगी:दाईं आंख सूजी, नाक भी चोटिल; सोशल मीडिया पर डरावनी फोटो शेयर की

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक भयानक हादसे का शिकार हो गए हैं। मैदान पर ट्रेनिंग के दौरान एक तेज रफ्तार गेंद उनके चेहरे पर जा लगी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्टोक्स ने सोशल मीडिया पर अपनी एक डरावनी तस्वीर शेयर की, जिसमें उनका चेहरा पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा है। सोशल मीडिया पर शेयर की ‘डरावनी’ फोटो
स्टोक्स ने इंस्टाग्राम पर अपनी जो तस्वीर शेयर की है, उसमें उनकी दाईं आंख पूरी तरह सूजी हुई और काली पड़ चुकी है। उनके गाल और होंठों पर खरोंच के गहरे निशान हैं और नाक से खून बहने के कारण पट्टी (बैंडेज) लगी हुई है। हालांकि, इतनी गंभीर चोट के बावजूद स्टोक्स का मजाकिया अंदाज बरकरार है। उन्होंने फोटो के कैप्शन में लिखा, ‘आपको क्रिकेट की गेंद की हालत देखनी चाहिए (यानी गेंद की हालत मुझसे भी बुरी होगी)।’ एशेज की हार के बाद घर लौटे थे स्टोक्स
34 वर्षीय बेन स्टोक्स हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खत्म हुई एशेज सीरीज में 4-1 की करारी हार झेलकर इंग्लैंड वापस लौटे थे। इस शर्मनाक हार के बाद से ही उनकी कप्तानी पर तलवार लटकी हुई है और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) उनकी भूमिका की समीक्षा कर रहा है। ऐसे समय में इस चोट ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। मैदान पर वापसी में हो सकती है देरी
स्टोक्स को जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले काउंटी क्रिकेट में डरहम के लिए खेलना था। लेकिन चेहरे की इस गंभीर चोट के बाद अब उनके मैदान पर लौटने के समय को लेकर संशय बना हुआ है। कोच ब्रेंडन मैक्कुलम और इंग्लैंड की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फैंस कर रहे सलामती की दुआ
सोशल मीडिया पर जैसे ही यह तस्वीर सामने आई, क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया। दुनिया भर के फैंस कमेंट सेक्शन में उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि चोट कितनी गहरी है और क्या उन्हें किसी सर्जरी की जरूरत पड़ेगी। वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं
इंग्लैंड की टी-20 टीम वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत पहुंच चुकी है। हालांकि, बेन स्टोक्स स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। क्योंकि उन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट के दोनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। 2022 का टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में स्टोक्स का योगदान अहम रहा था, उन्होंने फाइनल में फिफ्टी लगाई थी। वे प्लेयर ऑफ द फाइनल भी रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *