बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल, बैंकिंग सेवाएं ठप:5 डे ​वर्किंग की मांग पर पीएनबी ऑफिस पर प्रदर्शन, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर मंगलवार को जिलेभर में बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का व्यापक असर दिखा। हनुमानगढ़ जिले की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाएं बंद रहीं, जिससे बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और करोड़ों रुपए का लेन-देन प्रभावित हुआ। बैंक बंद रहने से आम खाताधारकों, व्यापारियों, किसानों और पेंशनधारकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नकद लेन-देन से लेकर चेक क्लियरेंस तक हर तरह की बैंकिंग सेवाएं बाधित रहीं। हड़ताल का मुख्य मुद्दा बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (फाइव-डे वीक) की मांग रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ते कार्यभार, मानसिक दबाव और लंबी ड्यूटी के चलते बैंकों में भी अन्य सरकारी विभागों की तरह सप्ताह में पांच दिन कार्य प्रणाली लागू की जानी चाहिए। इसके साथ ही कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ भी रोष जताया गया। जंक्शन में टाउन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मंडल कार्यालय के मुख्य गेट पर जिलेभर के बैंक कर्मचारी एकत्रित हुए और जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तख्तियों के जरिए अपनी मांगें उठाईं। इसके बाद यूएफबीयू के नेतृत्व में एक रैली निकाली गई। यह रैली पीएनबी मंडल कार्यालय से शुरू होकर बस स्टैंड, शहीद भगत सिंह चौक और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस मंडल कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। प्रदर्शन में शामिल यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील भी की। इस प्रदर्शन में पीएनबीईयू राजस्थान के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी एवं आरपीबीईयू के रीजनल सेक्रेटरी प्रदीप गोयल, एसबीआईएसए के रीजनल सेक्रेटरी जगप्रीत धींगड़ा, एनसीबीई के रीजनल सेक्रेटरी डूंगरराम भाटी, मनीष सेवटा, प्रदीप जोशी, अंकित डोडा, गौरव चिलाना, करणवीर बराड़, संदीप भाखर, अधिकारी यूनियन से नवीन धायल और अभिषेक शाह सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *