भीलवाड़ा में एक बैंककर्मी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गले पर कट का निशान देख हॉस्पिटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। बैंककर्मी के पिता ने बताया कि बाथरूम में फिसलने से बेटे की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामला शहर के प्रतापनगर थाने का है। थाने के हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार ने बताया- थाना इलाके के विवेकानंद नगर में रहने वाले कृष्ण कुमार मीणा (33) मांडल के प्राइवेट बैंक में कार्यरत थे। उनके पिता कैलाश नारायण मीणा व अन्य परिजन कृष्ण को महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। गले पर कट का निशान होने के कारण डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस हॉस्पिटल पहुंची, जहां कैलाश नारायण ने पुलिस को रिपोर्ट दी। बताया कि बेटे की मौत बाथरूम में गिरने से हुई। मौत को संदिग्ध मानकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


