सिटी रिपोर्टर | बोकारो बैंक ऑफ इंडिया के बोकारो अंचल की ओर से रविवार को सेक्टर-4 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उप आंचलिक प्रबंधक (परिचालन) निकुंज जैन एवं उप आंचलिक प्रबंधक (वसूली) सुनीत कुमार ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए उप आंचलिक प्रबंधक निकुंज जैन ने कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाती हैं तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर क्रिकेट, बैडमिंटन, 100 व 200 मीटर दौड़, कैरम, रस्साकशी सहित कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। उप आंचलिक प्रबंधक ने दूर-दराज की शाखाओं से आए प्रतिभागियों का विशेष आभार व्यक्त किया तथा समिति की सराहना की।


