सीकर के कोतवाली थाना इलाके में बैंक ऑफ़ बड़ौदा बैंक में चोर ने बैग से 80 हजार रुपए चोरी कर लिए। चोरी की यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। जिसमें चोर के साथ एक अन्य बच्चा भी वहां नजर आ रहा है। जो चोर के साथ ही बाहर निकल रहा है। घटना गुरुवार दोपहर 3:30 की है। फागलवा पेट्रोल पंप के पास स्थित बैंक ऑफ़ बड़ौदा की ब्रांच में उदयदास की ढाणी निवासी बबली सैनी,छोटी बच्ची एंजल किरोड़ीवाल को लेकर बैंक में 80 हजार रुपए जमा करवाने के लिए आई थी। वह छोटी बच्ची के साथ लाइन में लगी थी। जैसे ही उसकी बारी आई तो उसने बच्ची का बैग संभाला तो उसमें रखे पैसे गायब मिले। इसके बाद जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई तो उसमें एक छोटा बच्चा बैंक में टहलते हुए नजर आ रहा है। कुछ देर बाद ही वहां पर एक युवक आता है और महिला के साथ आई बच्ची के बैग से 80 हजार रुपए निकालकर अपने कोट में अंदर की तरफ डाल लेता है। इसके बाद युवक सीढ़ियों से नीचे चला जाता है और उसके साथ वह बच्चा भी चला जाता है। अब कोतवाली पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में लगी है।


