बैंसला बोले-समाज को बांटने वालों को राजनीति भुला देंगे:कल सरकार को चिट्‌ठी देंगे, 12 बजे तक ड्राफ्ट नहीं आया तो महापंचायत में मंत्रालय बांट देंगे

राजस्थान में गुर्जर आंदोलन की फिर से आहट हो रही है। सरकारी नौकरियों में 5 प्रतिशत आरक्षण के पूरे लाभ सहित कई मांगों को लेकर 8 जून को भरतपुर के पीलूपुरा में महापंचायत का ऐलान किया गया है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने शनिवार को कहा- मैं 17 महीने से लगातार सरकार को बता रहा हूं। चाहे वह मंत्री हो, चाहे वह ACS होम। मैंने सीएम को भी चिठ्ठी लिखी। लेकिन, फिर भी वह बोल रहे हैं कि मुझे कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा- कल हम एक छोटी-सी चिट्ठी देंगे। अगर 12 बजे तक उसका मसौदा नहीं आया तो हम 1 बजे वहीं मंत्रालय बांट देंगे। किसी को रेल मंत्रालय, किसी को सड़क तो किसी को भोजन मंत्रालय। बैंसला ने कहा- हम सभी को सम्मान देते हैं। लेकिन, आप समाज के साथ राजनीति करेंगे तो समाज आपको राजनीति करना भुला देगा। उन्होंने कहा- 17 साल के संघर्ष में उन्हें दो ही चीजें मिली हैं। बाकी सभी मांगें अधूरी हैं। महापंचायत को लेकर समाज एकजुट है। उधर, दौसा के गाजीपुर में देवनारायण मंदिर परिसर में 14 गांव के पंच पटेल की बैठक हुई। समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी पहुंचे। लेकिन विजय बैंसला गाजीपुर नहीं आए और तिघरिया से सीधे पीलूपुरा चले गए। बैंसला ने वीडियो जारी कर लोगों से कहा- कल निश्चित तौर पर महापंचायत होगी। यहां आप इतनी तादाद में आइए कि पूरी दुनिया पूरे देश को पता चले कि गुर्जर अभी जिंदा है, गुर्जर एक जिंदा कौम है। मांगें नहीं मानी तो आंदोलन- बैंसला गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति रविवार की महापंचायत को सफल बनाने की कोशिशों में जुटी है। नेता घर-घर जाकर गुर्जरों को निमंत्रण दे रहे हैं। वहीं, विजय बैंसला ने कहा- अगर सरकार हमारी मांगों पर कोई गौर नहीं करती तो हमें आंदोलन की तरफ जाना होगा। गुर्जर समाज की कई ऐसी मांगें हैं, जो सरकार ने अभी तक पूरी नहीं की। बैंसला बोले-बंद कमरे में वार्ता नहीं होगी विजय बैंसला ने कहा- अबकी बार सरकार से वार्ता बंद कमरे में नहीं होगी। अबकी बार सरकार से वार्ता समाज के सामने होगी। समाज के सामने ही निर्णय लिया जाएगा। मैंने अपना रूट चार्ट दे दिया है। अगर सरकार को बात करनी है तो वह रूट चार्ट के हिसाब से आकर हमसे और समाज से बात करें। अब देखिए- महापंचायत की तैयारियों से जुड़े PHOTOS…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *