सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने घर में घुसकर बैडमिंटन के नेशनल प्लेयर और उसके परिवार पर तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल है। सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं। थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया- 4 मार्च को हमले में घायल कमल शर्मा (48) निवासी (सीकर) ने एसके हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में दिए पर्चा बयान में बताया था कि वह अपने घर पर बैडमिंटन एकेडमी चलाता है। उसका लड़का नमन बैडमिंटन का नेशनल प्लेयर है। मंगलवार सुबह 5 बजे के करीब उनके घर पर बैडमिंटन की तैयारी करने वाले प्लेयर आए हुए थे। उन्होंने घर के सामने खाली जगह पर अपनी बाइक खड़ी कर दी। इस बात को लेकर उनके घर के सामने रहने वाले वल्लभचंद पारीक, लड़के नवीन पारीक, उसकी पत्नी व बेटी गेट पर आकर झगड़ा करने लग गए। इसके बाद सभी आरोपियों ने तलवार और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में प्लेयर नमन के हाथ की उंगलियां कट गई। परिवार के लोगों को भी चोट लगी। पुलिस ने घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे में डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन पारीक (34), वल्लभचंद पारीक (71), मनोरमा देवी (65) व प्रीति (36) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।


