बैतूल के गऊठाना में लोगों ने किया चक्काजाम:ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदबू से लोग परेशान; 3 करोड़ के ठेके की जांच अटकी

बैतूल शहर के गऊठाना इलाके में ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठ रही बदबू और दूषित पानी से परेशान रहवासियों ने कचरा फेंकने जा रहे वाहनों को रोककर चक्काजाम कर दिया है। लोगों ने ट्रेचिंग ग्राउंड जाने वाले रास्ते को बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक कचरा पूरी तरह नहीं हटाया जाता और समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लोगों का कहना है कि पूरे शहर का कचरा गऊठाना में डाला जा रहा है, जिससे लगातार बदबू फैल रही है और पानी दूषित हो गया है। कचरे में सड़ांध के कारण मच्छर पनप रहे हैं और बीमारियां बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बदबू और जहरीली हवा से बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत खराब हो रही है, कुछ की तो मौत तक हो चुकी है। कचरा हटाने और पानी निकासी की मांग प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांग है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड से कचरे की निकासी, बदबू और जल प्रदूषण की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। उनका कहना है कि जब तक दूषित पानी की निकासी नहीं होती और कचरा नहीं हटता, वे पीछे नहीं हटेंगे। विधायक ने दिए थे जांच के निर्देश विधायक हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व में कचरा उठाने और अपशिष्ट प्रबंधन के करीब तीन करोड़ रुपए के ठेके की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद कचरा उठाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन लोगों का आरोप है कि कचरा पूरा नहीं उठाया गया है। विधायक के निर्देश के बाद हुई जांच की रिपोर्ट भी अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *