बैतूल में महाकाल की बारात:अमरावती के ढोल और उज्जैन के डमरू पर झूमे भक्त; 7वें साल निकली यात्रा, जगह-जगह स्वागत

बैतूल में महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को पूरा शहर शिवमय हो गया। श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति के नेतृत्व में देवाधिदेव बाबा महाकाल सरकार की भव्य बारात निकाली गई। यह शोभायात्रा थाना महाकाल चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिवालय परिसर पहुंची, जहां भगवान शिव का महाआरती के साथ अभिषेक किया गया। बारात में सड़कों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और हर कोई भक्तिरस में डूबा नजर आया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों ने शिव विवाह की झलक पेश की। बारात में अमरावती का रुद्रावतार ढोल-ताशा पथक, जय सेवा डंडार मंडल मरकढ़ाना, उज्जैन की प्रसिद्ध झांझ-डमरू टीम और स्थानीय कलाकारों की टोली ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को ऊर्जामय बना दिया। शिव-गौरा की सजीव झांकी, नंदी सवारी और चलित लड्डू गोपाल इस बारात के विशेष आकर्षण रहे। बच्चे, बुजुर्ग सभी शिव जयकारों में मग्न दिखे। लगातार 7वें वर्ष निकला चल समारोह समिति के संयोजक अक्षय तातेड़ ने बताया, “बाबा महाकाल सरकार की यह बारात लगातार सातवें वर्ष निकाली जा रही है। हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और अब यह आयोजन नगर की पहचान बन चुका है।” समिति सदस्य तथागत मिश्रा ने कहा, “नगरवासियों के सहयोग और प्रशासन के समर्थन से हर वर्ष आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है।” पुष्प वर्षा और फलाहार से स्वागत यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं ने जलपान, फलाहार और पुष्प वर्षा की व्यवस्था की। जगह-जगह सजे शिव दरबारों, पुष्प सज्जा और रंगोली से पूरा नगर सजा नजर आया। श्रद्धालुओं ने दीपक जलाकर अपने घरों और दुकानों को रोशन किया। ढोल, ताशा और डमरू की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। वहीं, नगर के युवाओं ने स्वयंसेवक के रूप में यातायात और अनुशासन की व्यवस्था संभाली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *