बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पानबेहरा में एक 45 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। महिला ने मंगलवार शाम शराब के नशे में खेत में जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान पानबेहरा निवासी मथुरा पति जयराम धुर्वे (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच मथुरा शराब के नशे में थी। इसी दौरान उसने खेत में अचानक जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहर पीने के बाद उसे चक्कर, उल्टी और घबराहट होने लगी। ICU में चल रहा था इलाज परिजनों ने तुरंत महिला को आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर बुधवार सुबह महिला की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति से झगड़े की बात आई सामने महिला के पति जयराम धुर्वे ने बताया कि उनकी पत्नी को शराब पीने की आदत थी और कई बार समझाने के बावजूद वह इसे छोड़ नहीं पाई थी। ग्रामीणों के अनुसार, जहरीला पदार्थ खाने से पहले महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। दो बेटियों की शादी हो चुकी है मृतका खेती का काम करती थी। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। उसकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बुधवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


