सिरोही में जिला स्तरीय पशु मेले के उद्घाटन के दौरान पिंडवाड़ा-आबू से बीजेपी विधायक समाराम गरासिया नाराज होकर चले गए। विधायक ने कहा- मेले में न तो पशु थे न ही पशुपालक। विधायक ने मंच पर स्वागत और बैनर में फोटो नहीं होने पर आपत्ति जताई। समाराम ने कहा- चौथी बार विधायक हूं, मगर कहीं भी नाम नहीं लिया गया। मैंने विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत से बात की है। इस तरह की उपेक्षा तो मेरी विपक्ष में रहने के दौरान भी नहीं हुई। विधायक ने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। कहा- इस मामले को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा से बात करेंगे। शुक्रवार को भी मेले के निमंत्रण पत्र में स्थानीय रेवदर विधायक मोतीराम कोली का नाम नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से कार्ड बदले गए। 30 मिनट में कार्यक्रम छोड़कर निकले विधायक
शनिवार को शाम 4 बजे मंत्री ओटाराम देवासी, पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया, जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी की मौजूदगी में मेले का शुभारंभ किया गया। विधायक समाराम गरासिया को मंच पर लगे बैनर में उनकी फोटो नहीं दिखी और बाद में स्वागत पर बुलाने को लेकर नाराजगी जताई। 30 मिनट बाद कार्यक्रम बीच में छोड़कर निकल गए। विधायक बोले-इस तरह की उपेक्षा विपक्ष में रहने के दौरान भी नहीं हुई
विधायक समाराम गरासिया ने कहा- मंडार में जिला स्तरीय पशु मेले में मुझे भी आमंत्रित किया गया था। मैं वहां पहुंचा तो एक भी पशुपालक नहीं था और न ही पशु थे। मंच पर सभी का स्वागत किया गया। प्रोटोकॉल के हिसाब से माननीय मंत्री ओटाराम देवासी का स्वागत किया गया। इसके बाद मेरी उपेक्षा कर जिला कलेक्टर का नाम पुकारा गया। चौथे नंबर पर मुझे बुलाया गया। मैंने देखा पोस्टर पर मेरा फोटो तक नहीं था। चौथी बार विधायक हूं, मगर कहीं भी नाम नहीं लिया गया। मैंने विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत से बात की है। इस तरह की उपेक्षा तो मेरी विपक्ष में रहने के दौरान भी नहीं हुई। यहां तक कार्ड में भी मेरा नाम छठवें नंबर पर है। अगर माननीय सांसद होते हैं तो नाम तीसरे अन्यथा दूसरे नंबर पर होना चाहिए। बता दें कि समाराम गरासिया आबू-पिंडवाड़ा से चौथी बार विधायक हैं। पहली बार उन्होंने 2003 में विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद वे 2013 से लेकर 2023 तक लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। मंत्री ओटाराम देवासी बोले-कार्यक्रम पिंडवाड़ा नहीं रेवदर में था
मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा- ये सरकार का कार्यक्रम है। कार्यक्रम पिंडवाड़ा में नहीं रेवदर था। मैं भी सीधा जयपुर से आया हूं। किसका फोटो होगा, किसका नहीं ये जानकारी नहीं है। कांग्रेस ने भी साधा निशाना
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हिमपाल सिंह देवल ने कहा- पशु मेले में भारी अव्यवस्था थी। पशुओं के चारे-पानी की उचित व्यवस्था तक नहीं थी। एक गौ माता को खंभे से बांधकर रखा गया। यदि पशुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं तो यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही को दर्शाता है। कलेक्टर बोलीं-बैनर राज्य स्तर पर अप्रूव होकर आया मामले को लेकर जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने कहा कि नाराजगी वाली कोई बात नहीं है। वे अपने काम से निकले थे। बैनर राज्य स्तर पर अप्रूव होकर आया है।
यह भी पढ़ें भाजपा विधायक बोलीं- पूरा सिस्टम जंग खा गया है:विधानसभा स्पीकर और मंत्री बात करने लगे तो कहा- हम चले जाते हैं, आप बातचीत कर लो अजमेर में भाजपा विधायक अनिता भदेल ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने कहा- पूरा सिस्टम जंग खा गया है। सरकारी विभागों में धक्का मारे बिना कोई काम नहीं होता है। इसके लिए नेता को हर स्तर पर जूझना पड़ता है। (पढ़ें पूरी खबर)


