भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने निकाय चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाया है। कहा कि बैलेट से चुनाव कराने के पीछे झारखंड सरकार की गलत मंशा है। बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका है। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग से हर बूथ पर पारा मिलिट्री फोर्स तैनात करने की वे मांग करते हैं। शुक्रवार को उन्होंने गिरिडीह स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से कराए जा रहे चुनाव में गड़बड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की चुनाव को लेकर मंशा ठीक नहीं दिख रही है। पहले सरकार ने निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराया। इसके बाद भाजपा ने ईवीएम से चुनाव कराने की मांग की, लेकिन उसे नजरअंदाज करते हुए बैलेट पेपर से मतदान कराने का निर्णय लिया गया। उनके अनुसार बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर धांधली की संभावना बढ़ जाती है। कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग को केंद्र सरकार से पारा मिलिट्री फोर्स की मांग कर हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मरांडी ने स्पष्ट किया कि भाजपा स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव चाहती है तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, अशोक उपाध्याय, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज, नूनूलाल मरांडी, खिरोधर दास, सुभाष चंद्र सिन्हा और नवीन सिन्हा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


