बॉयफ्रेंड की हत्या करने वाली प्रिया सेठ कर रही शादी:जेल में हत्यारे से हुआ प्यार; पैसों के लिए अमीर लड़कों को जाल में फंसाती थी

हनीट्रैप में फंसाकर युवक की हत्या करने वाली प्रिया सेठ शादी करने जा रही है। जयपुर के चर्चित दुष्यंत शर्मा मर्डर केस में सजा काट रही प्रिया को शादी के लिए 15 दिन की पैरोल दी गई है। एक दूसरे मामले में हत्या के दोषी हनुमान प्रसाद को भी पैरोल दी गई है। दोनों 23 जनवरी को अलवर के बड़ौदामेव में शादी करेंगे। प्रिया और हनुमान जयपुर खुली जेल में बंद हैं। दोनों आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। दोनों की ओर से वकील विश्राम प्रजापत ने अदालत में पैरवी की। दरअसल, जस्टिस महेंद्र कुमार गोयल और चंद्रप्रकाश श्रीमाली की खंडपीठ ने प्रिया की याचिका निस्तारित करते हुए कमेटी को 7 दिन में निर्णय लेने के लिए कहा था। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला पैरोल एडवाइजरी कमेटी ने प्रिया सेठ के रिप्रजेंटेंशन को स्वीकार करते हुए पैरोल मंजूर की है। सूटकेस में बंद कर फेंकी थी लाश
प्रिया सेठ ने झोटवाड़ा के रहने वाले दुष्यंत शर्मा की हत्या की साजिश पूर्व प्रेमी दीक्षांत कामरा का कर्ज उतारने के लिए रची थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रिया ने डेटिंग ऐप के जरिए दुष्यंत को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। 2 मई 2018 को उसने दुष्यंत को मिलने बुलाया और रास्ते में उससे मिली। इसके बाद वह उसे बजाज नगर स्थित फ्लैट पर ले गई। जहां पहले से प्रिया का बॉयफ्रेंड दीक्षांत और उसका साथी लक्ष्य वालिया मौजूद था। फ्लैट पर पहुंचते ही तीनों ने दुष्यंत को बंधक बना लिया। उसके पिता रामेश्वर प्रसाद से 10 लाख रुपए फिरौती मांगी। पिता ने 3 लाख रुपए दुष्यंत के अकाउंट में जमा भी करा दिए। पकड़े जाने के डर से तीनों ने दुष्यंत का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद तीनों ने दुष्यंत की बॉडी को सूटकेस में बंद करके आमेर की पहाड़ियों में फेंक दिया था। लेकिन, अब प्रिया दीक्षांत कामरा को छोड़कर नए प्रेमी हनुमान प्रसाद से शादी कर रही है। डेटिंग ऐप से युवकों को फंसाती थी, फिर ब्लैकमेल करती थी
वारदात के बाद दुष्यंत के पिता रामेश्वर प्रसाद ने प्रिया सहित अन्य के खिलाफ 3 मई 2018 को झोटवाड़ा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आमेर थाना पुलिस को दुष्यंत का शव 3 मई की रात को मिला था। जांच के बाद पुलिस ने 4 मई को आरोपियों प्रिया, दीक्षांत और लक्ष्य को गिरफ्तार किया था। प्रिया ने पुलिस को दिए बयानों में इस बात को स्वीकार किया था कि वह अपने महंगे खर्चों को पूरा करने के लिए डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाती थी। उनको ब्लैकमेल करके रुपए मांगती थी। प्रोफेसर बनने जयपुर आई थी प्रिया
पुलिस पड़ताल में सामने आया था कि प्रिया सेठ पाली जिले के फालना की रहने वाली थी। उसके पिता अशोक सेठ सरकारी कॉलेज में लेक्चरर थे। उसकी मां भी टीचर थी और दादा सिरोही में प्रिंसिपल रहे थे। फूफा जोधपुर की यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे। प्रिया के एक भाई और एक बहन थी। तीनों में बड़ी प्रिया ने दसवीं में 82 प्रतिशत और बारहवीं में 78 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। माता-पिता ने प्रोफेसर बनने के लिए आगे पढ़ाई करने साल 2011 में जयपुर भेजा। प्रिया जयपुर आई, तब महज 20 साल की थी। प्रिया सबसे पहले यहां एक रिश्तेदार के घर रही और यहीं उसने मानसरोवर में एक प्राइवेट कॉलेज में एडमिशन ले लिया था। शौक पूरे करने के लिए गलत रास्ता अपनाया
जयपुर आने के कुछ वक्त बाद ही पढ़ाई से उसका ध्यान हट गया। उसने रिश्तेदार का घर छोड़ दिया और मानसरोवर इलाके में ही पेइंग गेस्ट बनकर रहने लगी। जो रुपए उसे मम्मी-पापा भेजते, उनसे उसके मनचाहे शौक पूरे नहीं हो रहे थे। इन्हीं शौक को पूरा करने के लिए वह गलत रास्ते पर उतर गई। प्रिया अमीर युवकों को अपनी खूबसूरती के जाल में फंसाने लगी। इसके लिए उसने अपनी एक वेबसाइट भी बना ली। कई अमीर युवकों को अपना शिकार बनाकर लूटा। प्रिया कई बार दिल्ली और नोएडा भी गई। जयपुर में वह महंगे फ्लैट में रहती थी। महंगी शराब पीना और लग्जरी कारों में घूमना उसकी आदत में शुमार हो गया था। बॉयफ्रेंड के साथ लिव-इन में रहती थी
इस बीच उसकी दोस्ती मुंबई में मॉडलिंग करने वाले श्रीगंगानगर के पदमपुर की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले दीक्षांत कामरा से हो गई। दोनों जयपुर में लिव-इन में रहने लगे। दीक्षांत के पिता भी सरकारी टीचर थे। वहीं लक्ष्य वालिया मालवीय नगर में तनिश अपार्टमेंट में रहता था। उसकी मां सेल्स टैक्स विभाग में कर्मचारी थी। पिता की पहले ही मौत हो गई थी। टिंडर पर हुआ था दुष्यंत से कॉन्टैक्ट
प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया से हुई पूछताछ में सामने आया था कि प्रिया सोशल मीडिया डेटिंग ऐप टिंडर पर एक्टिव थी। साल 2018 के फरवरी-मार्च महीने में उसका ऐप पर दुष्यंत से कॉन्टैक्ट हुआ था। दुष्यंत ने खुद को दिल्ली का विवान कोहली बता कर प्रिया सेठ से चैटिंग स्टार्ट की थी। कुछ ही समय में दोनों में दोस्ती भी हो गई और दोनों साथ घूमने भी लग गए थे। दुष्यंत ने खुद को दिल्ली का अरबपति विवान कोहली बता रखा था और उसका रहन-सहन भी अमीरों जैसा था। प्रिया उससे बड़ी रकम ऐंठना चाह रही थी। इधर, प्रिया के लिव-इन पार्टनर दीक्षांत कामरा पर काफी कर्ज था, जिसे उतारने के लिए वह भी अपने दोस्त के साथ प्रिया के इस प्लान में शामिल हो गया। दो साल पहले हुई थी सजा
दुष्यंत शर्मा हत्याकांड मामले में जयपुर के डीजे कोर्ट ने 24 नवंबर 2023 को प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इससे एक दिन पहले कोर्ट ने तीनों अभियुक्तों को हत्या का दोषी करार दिया था। सजा सुनाने से पहले जज ने तीनों आरोपियों से कहा- अगर आप कुछ कहना चाहते हो तो बोलो। इस पर पहले प्रिया आगे आई। आंखों में आंसू लेकर बोली- मुझे कुछ नहीं कहना। कोर्ट में आते समय भी प्रिया रो रही थी। दीक्षांत ने कहा- मैं टेरिटोरियल आर्मी में जाना चाहता था। जवानी में गलती हो गई। मैं लंबे समय से जेल में हूं। मेरा करियर खराब हो जाएगा। लक्ष्य ने कहा- मुझे पुलिस ने फंसाया है। मेरा कोई लेना देना नहीं है। मेरी मां अकेली है। मैं इकलौता बेटा हूं। केस में फैसला आने के बाद दुष्यंत के पिता रामेश्वर प्रसाद रोने लगे थे। उन्होंने कहा था- आज मेरे बेटे को न्याय मिला है। ……….. ये खबर भी पढ़ें… प्रोफेसर बनने आई प्रिया कैसे बनी हनीट्रैप मास्टरमाइंड:अश्लील वेबसाइट बनाई, टिंडर पर मिले दुष्यंत का मर्डर, ज्योतिष ने कहा था- तुम्हारा जेल योग है…पार्ट 1 जयपुर के 6 साल पुराने चर्चित दुष्यंत शर्मा हत्याकांड मामले में डीजे कोर्ट ने प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रिया सेठ टिंडर ऐप के जरिए दुष्यंत के संपर्क में आई थी। बड़ा बिजनेसमैन समझकर उसका अपहरण किया और उसके पिता से 10 लाख की फिरौती मांगी…(CLICK कर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *