जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद राजस्थान में भी सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट है। जिसके चलते श्रीगंगानगर में भी बॉर्डर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
वहीं सीमावर्ती इलाकों के पुलिस थानों में हथियार बंद जवान तैनात किए गए है। इसके साथ ही बॉर्डर इलाकों में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियां अपनी कड़ी नजर बनाए हुए है। इधर शुक्रवार देर रात बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश पासवान व संभागीय आयुक्त रवि कुमार श्रीकरणपुर पहुंचे। दोनों अधिकारियों के साथ एसपी गौरव यादव व जिला कलेक्टर डॉ. मंजू चौधरी ने बीएसएफ के साथ बॉर्डर इलाके का निरीक्षण कर बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक की। हर गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर
बॉर्डर इलाके में हो रही प्रत्येक गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है। वहीं सरकार ने भी सभी सुरक्षा एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के आदेश दिए। बॉर्डर इलाके में बीएसएफ में गश्त बढ़ा दी है। आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की तलाशी व व्यक्ति से गहनता से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे इलाकों पर नजर रखी जा रही है। BSF के जवानों व अधिकारियों को चौकसी बरतने के निर्देश
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहलगांव में हुए हमले के बाद से ही देश की सीमा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ऐसे में बीएसएफ के जवानों व अधिकारियों को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए है। वहीं बॉर्डर इलाकों में बीएसएफ की अस्थाई चौकियां लगाई है। बीएसएफ की पोस्टों पर जवानों की संख्या में भी बढ़ाई गई है। दिनभर चला बैठकों का दौर
गुरुवार को भी श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की बैठक ली। राष्ट्रीय सुरक्षा व सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट को मध्यनजर रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक ली। पाक रेंजर्स भी आ रहे नजर
सूत्रों के मुताबिक पिछले 2 दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स की मूवमेंट भी बढ़ गई है। सीमा पर स्थित पाकिस्तानी चौकियों में पाक रेंजर्स कभी कभार गश्त करते थे, लेकिन पिछले 2 दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स को गश्त करते हुए देखा जा रहा है। ऐसे में आतंकी हमले को लेकर भारत के द्वारा पाकिस्तान के विरुद्ध लिए फैसले के बाद पाकिस्तान की बेचैनी को बढ़ा हुआ देखा जा सकता है। बॉर्डर की हर एक मूवमेंट को किया जा रहा रिकॉर्ड
जानकारी के अनुसार बीएसएफ लगातार बॉर्डर इलाकों में चौकसी कर रही है इसके साथ ही बॉर्डर पर लगें अत्याधुनिक कैमरों के माध्यम से पूरी तारबंदी व तारबंदी के नजदीक होने वाली हर एक मूवमेंट पर बीएसएफ नजर बनाए हुए है। इन कैमरों को प्रत्येक बीओपी पर बनाए गए कंट्रोल रूम से 360 डिग्री से ऑपरेट कर तारबंदी की निगरानी की जा रही है। जिले भर में चल रही ए श्रेणी की नाकाबंदी
वहीं अलर्ट के बाद जिलेभर में ए श्रेणी की नाकाबंदी चल रही है। जिसमे हथियार बंद जवानों द्वारा पूरे जिले में नाकाबंदी कर आने जाने वाले प्रत्येक वाहन को चेक किया जा रहा है। वहीं जिले में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की एंट्री भी की जा रही है।


