पंजाब में मोहाली के रहने वाले बॉलीवुड सिंगर बी प्राक से लॉरेंस गैंग ने 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। इसके लिए एक हफ्ते का टाइम दिया गया है। लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर आरजू बिश्नोई ने सिंगर के करीबी को धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा है। जिसमें कहा गया कि अगर रकम न मिली और हमारे साथ मिलकर न चले तो चाहे किसी भी कंट्री में चले जाओ, मिट्टी में मिला देंगे। जिसके बाद बी प्राक के करीबी पंजाबी सिंगर दिलनूर ने मोहाली के SSP को इसकी शिकायत की। जिसमें दिलनूर ने कहा कि धमकी की वजह से वह घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। पुलिस गैंग पर कार्रवाई कर उन्हें सिक्योरिटी दे। उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। सोहाना पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। इसके अलावा सिंगर बी प्राक की सिक्योरिटी को लेकर पुलिस भी अलर्ट पर है। बता दें कि बी प्राक तेरी मिट्टी में मिल जावां गीत से खूब हिट हुए थे। धमकी की शिकायत में सिंगर ने क्या लिखा… शिकायत की कॉपी पढ़े… सिंगर बी प्राक के बारे में जानिए… चंडीगढ़ में जन्मे, पिता संगीतकार रहे
बी प्राक का जन्म 7 फरवरी 1986 को चंडीगढ़ के एक सिख परिवार में हुआ। उनके पिता स्व. वरिंदर बच्चन जाने-माने संगीतकार रहे हैं। बी प्राक ने बचपन में पिता से ही संगीत की बारीकियां सीखीं। बी प्राक कई बार इंटरव्यू में बता चुके हैं कि वह बचपन से सिंगर बनना चाहते थे, लेकिन उनके पिता चाहते थे कि वे म्यूजिक डायरेक्टर बनें। म्यूजिक की बारीकियां सीखने के लिए बी प्राक ने 10 सालों तक पर्दे के पीछे रहकर संगीत सीखा। कोई नहीं जानता था, जानी के गीतों से मिली पहचान
करियर की शुरुआत में बी प्राक ने प्रीक बी के नाम से काम शुरू किया, लेकिन शुरुआती गानों को कोई खास पहचान नहीं मिली। संघर्ष के दिनों में वे अपने पिता से 30 रुपए लेकर संगीत सीखने जाया करते थे। यहां तक कि उन्होंने संगीत की राह चुनने से पहले एक फैक्ट्री में भी काम किया था। 2017 में सांग राइटर जानी के गीत मन भरेया जिगरिया यारा कि तू मैंने छड्ड जाणा से प्राक ने सिंगिंग का डेब्यू किया। ये गीत सैड होने के बावजूद इतना हिट हुआ कि बी प्राक के लाखों फैंस बन गए। यह गाना इतना बड़ा हिट हुआ कि वे रातों-रात स्टार बन गए। अक्षय कुमार की फिल्म केसरी का गीत तेरी मिट्टी में मिल जावां हर किसी की जुबान पर चढ़ गया। 2012 में जानी से मुलाकात के बाद उनकी गायकी में निखार आता गया। इससे पहले बी प्राक ने 2013 में हार्डी संधू के गीत सोच का म्यूजिक बनाया थआ। इस गाने ने उनकी किस्मत बदलने में योगदान दिया। चाचा-पिता और नवजात बच्चे को खोया
सफलता के बीच बी प्राक का जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके जीवन का सबसे कठिन दौर 2021-22 के दौरान था, जब उन्होंने अपने चाचा और पिता को खो दिया। जून 2022 में उन्होंने अपने नवजात बच्चे को भी खो दिया। वे कहते हैं कि उनके संगीत में जो दर्द और गहराई है, वह उनके निजी जीवन के इन्हीं अनुभवों और संघर्षों से आती है। कुछ दिन पहले दूसरे बेटे के पिता बने सिंगर
करीब एक महीने पहले सिंगर बी प्राक ने दूसरे बेटे के जन्म के बारे में खुशखबरी शेयर की थी। प्राक ने कहा था कि बेटे का जन्म 1 दिसंबर 2025 को हुआ है। बी प्राक और उनकी पत्नी मीरा ने अपने मैसेज में यह भी कहा था कि उनके बेटे का जन्म भगवान की कृपा से हुआ है और इससे उनकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हुई है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे का नाम भी बताया। कपल ने बेटे का नाम द्विज बच्चन रखा। उन्होंने बताया कि इस नाम का मतलब है “दोबारा जन्म”, यानी जिंदगी में एक नया और अच्छा दौर। बी प्राक और मीरा बच्चन की शादी साल 2019 में हुई थी। इसके अगले साल वे पहली बार बेटे के माता पिता बने। साल 2022 में उनके घर दूसरे बेटे का जन्म होने वाला था, लेकिन उस बच्चे का निधन 10 जून को जन्म के समय ही हो गया था। सिंगर ने अपने उस नवजात बेटे का नाम ‘फजा’ तय किया था।


