बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में बुधवार की देर रात बाप के सामने बेटे को अपराधियों ने गोली मार दी। मरने वाले का नाम हेमलाल पंडित है। जबकि पिता का नाम तुलसी पंडित है। वे हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत सिरई गांव के रहने वाले हैं। मर्डर की सूचना डूमरी विधायक जयराम महतो को मिली। उन्होंने स्थानीय पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद विधायक खुद अपने समर्थकों के साथ क्राइम सीन पर पहुंचे। वे डेढ़ घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन तब तक पुलिस नहीं पहुंची। मौके से ही उन्होंने बोकारो एसपी और बेरमो डीएसपी को भी फोन किया, पर उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। इस बात एक खुलासा एक सात मिनट के वीडियो से हुआ है। इसे विधायक जयराम महतो की ओर से ही जारी किया गया है। रास्ता पूछने के बहाने मारी गोली प्राप्त जानकारी के मुताबिक तुलसी पंडित और उनके पुत्र हेमलाल पंडित झाड़-फूंक का काम करते थे। बुधवार रात को वे नावाडीह में झाड़-फूंक का काम कर अपनी कार (जेएच 01एफएन-6635) से घर लौट रहे थे। बारीडीह जंगल में एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोका। युवकों ने वंशी जाने का रास्ता पूछने के बहाने कार का शीशा नीचे करवाया। जैसे ही हेमलाल ने शीशा नीचे किया, एक युवक ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही हेमलाल की मौत हो गई। डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की। तमाम प्रयास के बाद भी जिले के एसपी से लेकर डीएसपी तक ने फोन नहीं उठाया। बाद में स्थानीय थाना को सूचित किया गया। सूचना मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाकेबंदी कर की जा रही तलाश विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी उठाए। वहीं कहा कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग पुलिस की देर से पहुंचने पर नाराजगी जता रहे हैं। विधायक महतो ने भी प्रशासनिक लापरवाही पर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है।


