बोकारो में 35 साल पुराना बसंत मेला शुरू:बोकारो स्टील प्लांट के सौजन्य से दो दिवसीय आयोजन, होगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

झारखंड के औद्योगिक शहर बोकारो स्टील सिटी में दो दिवसीय बसंत मेला शुरू हो गया है। बोकारो स्टील प्लांट के सौजन्य से सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में आयोजित इस मेले का उद्घाटन प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने किया। यह मेला 28 फरवरी से शुरू होकर 1 मार्च की शाम तक चलेगा। उद्घाटन के अवसर पर प्लांट के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मेले में बोकारो के प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें बोकारो स्टील प्लांट के अंदर होने वाले विभिन्न औद्योगिक कार्यों की जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, शिक्षा संस्थानों, अस्पतालों और सामाजिक संगठनों ने भी अपने स्टॉलों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी मेले में विशेष आकर्षण है। शहर के विभिन्न निजी स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। महिला समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान किया गया। शाम के समय भी कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे दर्शकों का मनोरंजन होगा। इस अवसर पर प्रिय रंजन ने मेले के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बसंत मेला का लक्ष्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बोकारो के स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना और शहर में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी है। उन्होंने बताया कि बोकारो एक बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक शहर है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर काम करते हैं। ऐसे आयोजन शहर की विविधता और जीवंतता को दर्शाते हैं। बसंत मेले के माध्यम से लोगों को जहां एक ओर मनोरंजन का अवसर मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें शहर की प्रगति और औद्योगिक उपलब्धियों को करीब से जानने का भी मौका मिल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *