बोकारो स्टील प्लांट के बीपीएससीएल के इलेक्ट्रिक विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब एमसीबी कंट्रोल रूम के नीचे एक विषैला रसेल वाइपर बैठा मिला। सुबह काम पर पहुंचे एक मजदूर ने सांप को देखा, जिसके बाद परिसर में अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सीआईएसएफ जवान एम. के. सिंह को सूचित किया गया। जवान एम. के. सिंह ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इस घटना से कर्मचारियों में भय का माहौल था, लेकिन समय पर कार्रवाई से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। विशेषज्ञों के अनुसार, रसेल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में से एक है। यह सांप दिखने में कुछ हद तक अजगर के बच्चे जैसा लगता है, जिससे लोग अक्सर इसे पहचानने में गलती कर देते हैं। यह भ्रम कई बार जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि रसेल वाइपर के काटने पर जहर तेजी से शरीर में फैलता है, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। समय पर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। इसलिए, ऐसे सांप दिखने पर तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करना चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहिए।


