बोटका नदी के उफान में फंसा बाइक सवार, ग्रामीणों ने डूबने से बचाया

भास्कर न्यूज | लोहरदगा लोहरदगा-बेड़ो मुख्य पथ पर शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद बरही गांव के पास बोटका नदी पर उफान पर आ गई। इसी दौरान एक बाइक सवार रांची निवासी राज प्रकाश नदी के तेज बहाव में फंस गया। वह बाइक समेत बहने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद उसे बचा लिया। हालांकि बाइक पानी में बह गई। बोटका नदी में उफान से लोहरदगा से रांची को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बंद रहा। यह सड़क कई प्रखंडों को राजधानी से जोड़ती है। इस दौरान लोहरदगा की ओर से रांची जाने वाली लोग बरही से कटकर मसमानो होते हुए भंडरा ब्लॉक के पास निकले। वहीं रांची की ओर से आने वाले लोग भंडरा ब्लॉक मसमानो मोड़ से कटकर मसमानो होते हुए बरही निकलकर लोहरदगा पहुंचे। घटना की सूचना पर सेन्हा और भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन की मदद से एसडीओ अमित कुमार के दिशा निर्देश पर यातायात पर रोक लगा दी गई। प्रशासन ने जिले में अलर्ट जारी किया। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा गया है कि नदियों और नालों के पास न जाएं। अगर कोई फंस जाए तो सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश करें। बाढ़ के पानी में न चलें, न तैरे और न ही वाहन पार करने की कोशिश करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *